loader image
Mon. May 25th, 2026

देहरादून। यूनेस्को क्लब देहरादून ईस्ट का अध्यक्ष पद ग्रहण समारोह आज होटल वॉइसरॉय इन में अत्यंत गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर किन्तु मेधावी 51 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना था।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल जी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय मंत्री श्री खजान दास जी एवं विधायक श्रीमती सविता कपूर जी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने यूनेस्को क्लब द्वारा वर्षों से किए जा रहे सामाजिक एवं शैक्षिक सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष श्री राहुल अग्रवाल जी ने अपने कार्यकाल के दौरान आयोजित विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य सदैव समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुँचाना रहा है। इसके उपरांत उन्होंने नए अध्यक्ष श्री नरेश गुप्ता जी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपते हुए शुभकामनाएँ दीं।

अपने संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री नरेश गुप्ता जी ने कहा कि यूनेस्को क्लब पिछले 35 वर्षों से निरंतर सेवा, सहयोग एवं मानवता के मूल्यों के साथ कार्य करता आ रहा है और भविष्य में भी संस्था द्वारा संचालित सभी जनहितकारी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जारी रखा जाएगा।

यूनेस्को क्लब का छात्रवृत्ति कार्यक्रम पिछले 25 वर्षों से संस्था की एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल रहा है। इस योजना के अंतर्गत चयनित गरीब एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कॉपी, पेंसिल, पुस्तकें, स्कूल बैग तथा ₹3000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। छात्रवृत्ति हेतु विद्यार्थियों का शैक्षणिक प्रदर्शन 60 प्रतिशत या उससे अधिक होना आवश्यक है तथा वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंधित होने चाहिए। संस्था द्वारा पात्र विद्यार्थियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत किया जाता है।

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सुरेश गोयल जी ने बताया कि यूनेस्को क्लब पिछले 35 वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है। संस्था द्वारा छात्रवृत्ति वितरण, नेत्रों के निःशुल्क ऑपरेशन, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा अन्य अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अंकित अग्रवाल जी द्वारा किया गया। समारोह में संस्था के सचिव श्री प्रदीप जैन, कोषाध्यक्ष श्री अजय जसोला, श्री अजय जैन, श्री पवन गुप्ता, श्री अनिल बक्शी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, संस्था के सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। जागरण के वरिष्पट त्रकार श्री barthwaal जी को सम्मानित किया गया।

प्रेस नोट श्री रजनीश गोयल जी द्वारा उपलब्ध कराया गया।