

प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 14 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड की महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्यरत अरदास समाज कल्याण (ASK) ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने 14 अक्टूबर 2026 को माननीय मुख्यमंत्री जी से भेंट की। इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा मेहनत, लगन और कौशल से तैयार की गई HILANS LED दिवाली लड़ियाँ मुख्यमंत्री जी को सादर भेंट की गईं।
भेंट के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने ASK ट्रस्ट द्वारा महिला समूहों को तकनीकी एवं विपणन सहयोग के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के विपणन में सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। मुख्यमंत्री जी ने LED लड़ियों की पैकिंग पर अपने शुभकामना संदेश लिखकर समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कमलप्रीत कौर, सह-संस्थापक एवं ट्रस्टी, अरदास समाज कल्याण (ASK) ट्रस्ट, के साथ महिला स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य श्रीमती राखी ठाकुर एवं श्रीमती नंदा नेगी उपस्थित रहीं। इन सदस्यों का LED लड़ियों के निर्माण एवं इस पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
ट्रस्ट का मानना है कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, महिला समूहों को तकनीकी सहयोग देने और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने से उत्तराखंड में स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल सकती है।
माननीय मुख्यमंत्री जी से प्राप्त प्रोत्साहन और विपणन सहयोग के आश्वासन से समूह की महिलाओं एवं ट्रस्ट के सदस्यों में उत्साह है। यह पहल स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रेरणा है।
